6 जुलाई के बाद शिवपाल लखनऊ में करेंगे बड़ी घोषणा

6 जुलाई के बाद शिवपाल लखनऊ में करेंगे बड़ी घोषणा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी नेता और जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने संकेत दिए हैं कि वे 6 जुलाई के बाद लखनऊ में बड़ी घोषणा करेंगे। कानपुर पहुंचे शिवपाल ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा जल्द ही सबके सामने होगा। इसका काम युद्धस्तर पर चल रहा है। रमजान के बाद यह रफ्तार पकड़ेगा।

उन्होंने कहा, मुलायम सिंह सेक्युलर मोर्चा के साथ हैं और उनका सहयोग व आशीर्वाद हमारे साथ है। कोई भी उपेक्षित इसमें शामिल हो सकता है।

सूबे की सरकार पर निशाना साधते हुए शिवपाल ने कहा कि नई सरकार को लेकर हम छह महीने तक कुछ भी नहीं बोलना चाहते हैं। यूपी सरकार को छह महीने का समय मिलना चाहिए। फिर भी सीएम योगी आदित्यनाथ को कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नई सरकार में अन्याय और उत्पीड़न शुरू हो गया है। थानों में उगाही चल रही है। इससे प्रदेश की जनता परेशान है। इसलिए दो बार मुझे खुद धरने पर बैठना पड़ा। यही स्थिति रही तो जनता को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

शिवपाल यादव हत्या के आरोप में कानपुर जेल में बंद हाथरस के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल और धोखाधड़ी के आरोप में बंद विवेक यादव से मिलने भी गए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान गोली चलाई किसी ने और देवेंद्र अग्रवाल को फंसा दिया गया। एक गोली में 16 लोग नामजद हो गए। उन्होंने देवेंद्र को का हाल जानकर ढांढस बंधाया।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital