गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज गिरा, कई मौतें

गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज गिरा, कई मौतें

अहमदाबाद। गुजरात के मोरबी में माच्छू नदी में बना केबल ब्रिज गिरने से कई लोगों की मौत की खबर है। इस घटना में अब तक 70 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राज्य सरकार में मंत्री बृजेश मेरजा के बताया कि मोरबी में केबल ब्रिज गिरने से अब तक मरने वालों की संख्या 35 हो गई है।

मोरबी हादसे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात CM और अन्य अधिकारियों ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने, स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।

मोरबी की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूँ। गुजरात के गृह राज्य मंत्री व अन्य अधिकारियों से बात की। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है, NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुँच रही है। घायलों के तुरंत उपचार के निर्देश दिए हैं।

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये बेहद दुखद घटना है। आज शाम को मोरबी में करीब 6:30 बजे हैंगिंग ब्रिज टूटा। उस समय 150 लोग वहां मौजूद थे। इस घटना में मात्र 15 मिनट में शहर का पूरा तंत्र घटना स्थल पर पहुंच गया। बचाव कार्य में अभी तक लगभग 70 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि अब तक इस घटना में 7 लोगों की मृत्यु हुई है, ऐसी सूचना हमें मिली है। जिन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है उनमें से अधिकतर लोग बच गए हैं और उनका इलाज जारी है।

मुआवजे का एलान:

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मोरबी की घटना पर मुआवजे का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरबी केबल पुल गिरने की घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी…मैं आज अपने सभी आगामी कार्यक्रमों को रद्द करके मोरबी के लिए रवाना हो रहा हूं।

उन्होंने कहा कि मोरबी में केबल ब्रिज गिरने की घटना दुखद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं इस संबंध में ज़िला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital