सीएए के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने व्हील चेयर पर पहुंचे मौलाना कल्बे सादिक

सीएए के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने व्हील चेयर पर पहुंचे मौलाना कल्बे सादिक

लखनऊ। नागरिकता कानून के खिलाफ घंटाघर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शुक्रवार को आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल बोर्ड के उपाध्यक्ष कल्बे सादिक भी पहुंचे। तबियत खराब होने के कारण उन्हें व्हील चेयर पर बिठाकर लाया गया था।

कल्बे सादिक ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में जो भी हो रहा है, वह बेहद दर्दनाक है। ये देश मोदी-शाह की मर्जी से नहीं, संविधान से चलेगा।

उन्होंने कहा कि कोई मोदी कोई शाह हमारा भविष्य नहीं बना सकता। उन्होंने महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज हर घर में उजाला दिखाई दे रहा है पर घंटाघर का अंधेरा इस सरकार को नहीं दिखाई दे रहा है।

छात्रों ने 120 मीटर लंबा बैनर बनाया :

नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में करीब 20 छात्रों ने मिलकर 120 मीटर लंबा बैनर तैयार किया। इस बैनर पर नो एनआरसी- नो सीएए लिखा हुआ है। बैनर तैयार करने वाली छात्राओं ने कहा कि कई दिनों की मेहनत के बाद यह बैनर तैयार किया गया है।

कल्बे सादिक के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज :

नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मौलाना कल्बे सादिक के बेटे कल्बे सिवतैन सहित दर्जनों अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह मामला लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में दर्ज किया गया है।

अन्य धर्मो के लोग भी हुए शामिल :

लखनऊ के घंटाघर पर चल रहे नागरिकता कानून विरोधी प्रदर्शन में मुस्लिम महिलाओं के अलावा सिख और हिन्दू महिलाएं भी उमड़ रही हैं। शुक्रवार को सिख समुदाय के लोगों ने घंटाघर पहुंचकर संविधान की रक्षा के लिए अरदास लगाई। इतना ही नहीं सिख समुदाय से जुडी महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल होने घंटाघर पहुंची।

गौरतलब है कि दिल्ली के शाहीन बाग़ की तर्ज पर लखनऊ के घंटाघर इलाके में भी नागरिकता कानून विरोधी प्रदर्शन चल रहा है। शुरू में करीब एक दर्जन महिलाओं द्वारा शुरू किये गए प्रदर्शन में अब लोगों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रतिदिन प्रमुख हस्तियां और बुद्धजीवी पहुँच रहे हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital