गाज़ीपुर बॉर्डर से पुलिस ने हटाए बेरिकेड, टिकैत बोले ‘अब फसल बेचने पार्लियामेंट जायेंगे किसान’

गाज़ीपुर बॉर्डर से पुलिस ने हटाए बेरिकेड, टिकैत बोले ‘अब फसल बेचने पार्लियामेंट जायेंगे किसान’

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गाज़ीपुर बॉर्डर पर लगे बेरिकेड हटाकर रास्ता खोल दिया है। पुलिस के मुताबिक, सरकार की तरफ से आये आदेश को अमल में लाया गया है, इसलिए बेरिकेड हटाए गए हैं।

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि ‘सरकार की तरफ से आदेश है इसलिए हम बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता खोल रहे हैं।’ बैरिकेड हटने के बाद गाजियाबाद से दिल्ली आने वाला रास्ता खुल सकता है, फिलहाल इस सड़क पर कृषि कानूनों की वापसी को लेकर महीनों से किसानों का प्रदर्शन जारी है।

वहीं ईस्ट दिल्ली की डीसीपी प्रियंका कश्यप ने कहा, ‘बैरिकेडिंग को हटा रहे हैं। एक घंटे के अंदर हम इसे हटा देंगे। हमें आदेश आए हैं इसलिए हम बैरिकेडिंग हटा रहे हैं। अभी हाईवे पर लगी बैरिकेडिंग को हटाया जा रहा है।’

पुलिस बैरिकेड क्यों लगाए गए थे, इसपर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि यह बैरिकेड नोएडा में लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन को देखते हुए लगाए गए थे, अब किसानों से बातचीत की जा रही है और जल्द ही उम्मीद की जाती है कि यह रास्ता आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पुलिस द्वारा बेरिकेड हटाए जाने को सही ठहराया है। हालांकि टिकैत ने कहा कि बेरिकेड हटने के बाद अब किसान दिल्ली जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि जब रास्ते खुल जाएंगे तो किसान दिल्ली जाएंगे। वहीं संसद में फसल बेचेंगे। धान से भरे हुए ट्रैक्टर दिल्ली जाएंगे। देखेंगे कहां रोका जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि किसान अपनी फसल कहीं पर भी बेच सकता है। रास्ते खुलेंगे तो हम भी अपनी फसल बेचने पार्लियामेंट में जाएंगे।

टिकैत ने कहा कि फिलहाल पुलिस अधिकारियों से उनकी कोई बात नहीं हुई है। जिस दिन ट्रैक्टर निकलने का रास्ता हो जाएगा, वह ट्रैक्टर से फसल बेचने दिल्ली जाएंगे। टिकैत बोले कि पीएम मोदी ने कहा है कि किसान कहीं भी अपनी फसल बेच सकते हैं। हम फसल बेचने दिल्ली जाएंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital