हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री का निर्णय हाईकमान पर छोड़ा

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री का निर्णय हाईकमान पर छोड़ा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नई सरकार के गठन के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में कांग्रेस के सभी 40 विधायक मौजूद थे।

बैठक में कांग्रेस हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति नहीं बन पाई। इसलिए अब मुख्यमंत्री का नाम दिल्ली से तय होगा। हालांकि मुख्यमंत्री पद के लिए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के नाम सामने आये हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नाम पर सहमति न बनने के बाद एक लाइन का एक प्रस्ताव पास किया गया है। इस प्रस्ताव में कहा गया कि सीएम पर फैसला आलाकमान करेगा।

बैठक की शुरुआत में कांग्रेस के 39 विधायक मौजूद थे, एक विधायक की गैर मौजूदगी पर कुछ देर सस्पेंस रहा लेकिन बाद में साफ़ हो गया कि बैठक में अनुपस्थित विधायक थोड़ी देर में बैठक में शामिल होंगे। वे मंडी और शिमला के बीच कहीं रास्ते में हैं।

मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव नही लड़ा लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर विधानसभा चुनाव में उनकी प्रमुख भूमिका रही।

कांग्रेस सूत्रों की माने तो पार्टी अगले 24 घंटे में नए मुख्यमंत्री का नाम तय करेगी। इसके लिए आज विधायक दल की बैठक में मौजूद सभी शीर्ष नेताओं को दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है।

हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सभी 40 विधायकों ने CLP बैठक में सर्वसम्मति से आलाकमान को मुख्यमंत्री चुनने के लिए अधिकृत किया है। प्रेक्षक अपनी रिपोर्ट कल-परसों तक आलाकमान को देंगे।

उन्होंने कांग्रेस के अंदर किसी तरह की गुटबाजी की खबरों को ख़ारिज करते हुए कहा कि मीडिया में जो चल रहा है वह सब निराधार है। कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और सब सही चल रहा है। कांग्रेस पार्टी एक साथ खड़ी है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital