प्रशांत किशोर और कांग्रेस में फिर पक रही खिचड़ी, गुजरात और मध्य प्रदेश के चुनाव पर बातचीत

प्रशांत किशोर और कांग्रेस में फिर पक रही खिचड़ी, गुजरात और मध्य प्रदेश के चुनाव पर बातचीत

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली हार से कराह रही कांग्रेस को एक बार फिर चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के संपर्क में है। प्रशांत किशोर 2017 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का चुनावी रणनीति का काम हाथ में लिया था लेकिन उन्होंने यह काम बीच में ही छोड़ दिया था। उसके बाद प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच दूरियां लगातार बढ़ती रहीं।

सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने प्रशांत किशोर को गुजरात और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उनकी सेवाएं लेने का प्रस्ताव दिया है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश और गुजरात में अपना प्रदर्शन बेहतर किया है। हालांकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस चुनाव जीतकर भी बीजेपी के हाथो सत्ता गंवा चुकी है।

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार प्रशांत किशोर के संपर्क में हैं और गुजरात व मध्य प्रदेश में प्रशांत किशोर की सेवाएं लेने के लिए उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की है।

सूत्रों ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से अपनी मुलाकात में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में रणनीतिकार प्रशांत किशोर की सेवाएं लेने की पेशकश की थी।

दरअसल पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के अंदर कई सवाल उठ रहे हैं। चुनावो में लगातार मिल रही पराजय के कारण कांग्रेस के हाथ से कई राज्य खिसक चुके हैं और अब पंजाब भी उसके हाथ से खिसक गया है।

ऐसे हालातो में यदि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावो के लिए प्रशांत किशोर की सेवाएं लेती है तो कोई आश्चर्य की बात नहीं है। हालांकि अभी पार्टी के लिए पूर्णकालिक अध्यक्ष का चुनाव भी होना है। ऐसे में ये भी देखना होगा कि नए अध्यक्ष के तौर पर किसकी ताजपोशी होती है। प्रशांत किशोर बीजेपी के अलावा नीतीश कुमार और ममता बनर्जी के लिए भी काम कर चुके हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital