कर्ज माफ़ी से वित्त मंत्री ने पल्ला झाड़ा, कहा ‘राज्य खुद जुटाएं रकम’

कर्ज माफ़ी से वित्त मंत्री ने पल्ला झाड़ा, कहा ‘राज्य खुद जुटाएं रकम’

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में कर्ज माफ़ी के लिए हुए किसान आंदोलन के बीच आज वित्त मंत्री अरुण जेटली ने किसानो की कर्ज माफ़ी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इसके लिए राज्य अपने संसाधनों से रकम जुटाएं। वित्त मंत्री ने फंसे हुए कर्ज (बैड लोन) की बड़ी समस्या पर सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों के प्रमुखों के साथ चर्चा करने के बाद यह बात कही।

किसानों की कर्जमाफी के लिए क्या केंद्र सरकार द्वारा राज्यों की मदद करने के सवाल पर जेटली ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। जो राज्य इस तरह की योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं, उन्हें अपने संसाधनों से इसके लिए धन की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार की तरफ से उन्हें कुछ नहीं कहना है।

किसानो की कर्ज माफ़ी के लिए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पंजाब की सरकारें एलान कर चुकी हैं वहीँ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानो की कर्जमाफी की मांग पर विचार करने के लिए आश्वासन दिया है।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद कर्जमाफी को लेकर पंजाब और कर्नाटक के किसानों ने भी सोमवार को प्रदर्शन किए। कन्नड़ संगठनों ने किसानों की कर्जमाफी को लेकर कर्नाटक बंद का ऐलान किया था। इसका राज्य में मिलाजुला असर रहा।

 

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital