लाइव: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी, कांटे की टक्कर
वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान के दिन डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन को एक छोटी सी जीत हासिल हुई है। न्यू हैंपशायर के डिक्सविले नॉच इलाके में डाले गए सभी पांच वोट उनके पक्ष में पड़े हैं।
अमेरिका में राष्ट्र्पति पद के चुनाव के लिए वोटिंग के दिन से पहले ही लाखों लोग मेल या बैलट के जरिए वोट कर चुके हैं। अब तक 93 मिलियन यानी नौ करोड़ 30 लाख से लोग बैलट के जरिए वोट कर चुके हैं, जो 2016 में पड़े कुल 138.8 मिलियन का दो तिहाई है। इस साल कुछ 239 मिलियन लोग वोट डालने के पात्र हैं।
विश्लेषकों की माने तो राष्ट्रपति चुनाव के लिए इस बार दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर हैं। हालाँकि विश्लेषकों का कहना है कि फिलहाल की स्थति में बाइडेन का पलड़ा भारी है लेकिन कुछ भी तय करना अभी जल्दबाज़ी होगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीँ डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बिडेन पेन्सिल्वेनिया के स्क्रैंटन स्थित अपने बचपन के घर पहुंचे। यहां उन्होंने घर की एक दीवार पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने लिखा, ‘ईश्वर की कृपा से इस घर से व्हाइट हाउस तक।’ वह यहां अपनी पोतियों के साथ आए थे।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं। पेन्सिल्वेनिया में सैकड़ों लोगों को मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में देखा गया।
अमेरिका के चुनाव में ‘270’ का आंकड़ा खासा महत्व रखता है। निर्वाचक मंडल की यह संख्या तय करती है कि अगले चार साल के लिए व्हाइट हाउस में किसे प्रवेश मिलेगा। अमेरिक के 50 राज्यों में 538 निर्वाचक मंडल हैं, बहुमत के लिए निर्वाचक मंडल के कम से कम 270 मतों की जरूरत होती है।
निर्वाचक मंडल के महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साल 2016 के चुनाव में हिलेरी क्लिंटन को ट्रंप से करीब 29 लाख अधिक वोट मिले थे, फिर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और ट्रंप जीते थे। दरअसल, अमेरिकी संविधान में निर्वाचक मंडल की व्यवस्था ने ट्रंप की जीत तय की थी।