प्रियंका से मिले संजय राउत, यूपी और गोवा में कांग्रेस-शिवसेना गठबंधन के संकेत

प्रियंका से मिले संजय राउत, यूपी और गोवा में कांग्रेस-शिवसेना गठबंधन के संकेत

नई दिल्ली। शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इससे एक दिन पहले ही संजय राउत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मिले थे।

प्रियंका गांधी से करीब एक घंटे तक चली मुलाकात.के बाद संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत में उत्तर प्रदेश और गोवा में शिवसेना और कांग्रेस के मिलकर चुनाव लड़ने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि दोनों दल इन राज्यों में अगले साल होने जा रहे चुनाव में साथ काम करने पर विचार कर रहे हैं। इस पर अंतिम फैसला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बातचीत के बाद लिया जाएगा।

राउत ने कहा, प्रियंका जी के साथ उनकी यह सकारात्मक बैठक थी। हम उत्तर प्रदेश और गोवा में साथ काम करने की सोच रहे हैं। देश की राजनीति के साथ उत्तर प्रदेश और गोवा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव पर बात हुई है। यदि संभव हुआ तो शिव सेना और कांग्रेस उत्तर प्रदेश और गोवा में साथ चुनाव लड़ेगी। हम कांग्रेस के साथ काम करना चाहते हैं और देखते हैं क्या होता है।

मंगलवार को राहुल गांधी से की थी मुलाक़ात:

गौरतलब है कि मंगलवार को ही शिवसेना सांसद संजय राउत ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद संजय राउत ने साफतौर पर कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बिना विपक्षी मोर्चा नहीं हो सकता है और विपक्ष के चेहरे पर बाद में चर्चा हो सकती है।

संजय राउत ने पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी से जो चर्चा हुई वो यूपीए को मजबूत करने के लिए क्या किया जा सकता है, इस बात पर हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिना कोई भी गठबंधन संभव नहीं है। अगर कोई फ्रंट बनाएगा तो कांग्रेस के नेतृत्व में कोई दूसरा फ्रंट भी काम करेगा ना। फिर फायदा किसको होगा? फिर तो विपक्ष कमजोर ही होगा ना।

संजय राउत ने कहा कि थर्ड फ्रंट, फोर्थ फ्रंट, सेकंड फ्रंट यह तो कोई बात नहीं हुई। एक ही फ्रंट बनेगा। एक ही फ्रंट बनना चाहिए। कांग्रेस को अलग रख कर कोई फ्रंट बनाने का मतलब नहीं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital