26 जनवरी को ट्रेक्टर परेड के बाद से लापता हैं 100 से अधिक किसान

26 जनवरी को ट्रेक्टर परेड के बाद से लापता हैं 100 से अधिक किसान

नई दिल्ली। 26 जनवरी को किसान संगठनों द्वारा आयोजित की गई किसान गणतंत्र ट्रेक्टर परेड के बाद 100 से अधिक किसान लापता है और उनकी कोई खैर खबर नहीं मिली है। यह जानकारी संयुक्त किसान मोर्चा ने दी है।

संयुक्त किसान मोर्चा से इतनी बड़ी तादाद में किसानो के लापता होने को लेकर चिंता जताई है। इतना ही नहीं लापता किसानो की सूची तैयार करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने एक कमेटी का भी गठन किया है। यह कमेटी 26 जनवरी को किसान ट्रेक्टर परेड के बाद से लापता हुए किसानो के बारे में जानकारी जुटाएगी।

लापता किसानो के लिए बनाई कमेटी:

लापता किसानो के लिए बनाई गई किसानो की कमेटी में प्रेम सिंह भंगू, राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला, अवतार सिंह, किरणजीत सिंह सेखों और बलजीत सिंह शामिल हैं। संयुक्त किसान मोर्चे ने कहा है कि लापता किसानो के बारे में कोई भी जानकारी 8198022033 पर साझा करने की अपील भी की है।

इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानो के धरना स्थलों पर पुलिस की घराबंदी को लेकर सवाल उठाये हैं। किसान मोर्चा ने कहा कि यदि सरकार किसानो के मुद्दों को सुलझाने के प्रति गंभीर है तो वह धरना स्थलों की घेराबंदी क्यों करवा रही है।

सरकार से बातचीत को तैयार:

संयुक्त किसान मोर्चा ने धरना स्थलों के आसपास के इलाको में इंटरनेट सुविधा बंद करने और पानी बिजली की सप्लाई रोके जाने को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किये हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि किसानो की जो प्रमुख मांगें हैं सरकार उनपर जल्द फैसला ले और पुलिस और सरकार द्वारा हिंसा के कई प्रयासों के बावजूद किसान अभी भी तीन कृषि कानूनों और एमएसपी पर बातचीत के लिए तैयार हैं।

गौरतलब है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसान संगठनो द्वारा किसान ट्रेक्टर परेड का आयोजन किया गया था। किसान ट्रेक्टर परेड के दौरान दिल्ली में कई स्थानों पर हिंसा हुई। इस दौरान लाल किले पर धर्मिक झंडा फहराने की घटना भी हुई। पुलिस ने 40 किसान नेताओं सहित करीब 200 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामले दर्ज किये हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital