चंडीगढ़ छेड़छाड़: विकास बराला और उसका दोस्त गिरफ्तार

चंडीगढ़ छेड़छाड़: विकास बराला और उसका दोस्त गिरफ्तार

चंडीगढ़। एक आईएएस अफसर की बेटी से छेड़छाड़ के आरोपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस मामले में अपहरण की कोशिश का भी मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले दोनों आरोपी कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस के सामने मामले की जांच के लिए हाजिर हुए थे। पुलिस ने लम्बी पूछताछ के बाद दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विकास बराला और उसके साथी को गुरुवार को पुलिस के सामने पेश किया जाएगा और पुलिस कोर्ट से आरोपी के रिमांड की मांग करेगी।

चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी ने छेड़छाड़ मामले पर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि दोनों आरोपियों से लंबी पूछताछ की गई। जिसके बाद उनके खिलाफ दो और धाराएं जोड़ने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों पर अपहरण की कोशिश के मामले में दो धाराएं 365 और 511 लगाई गई है। इसके बाद हमने दोनों आरोपियों को कल कोर्ट में पेश करने से पहले गिरफ्तार किया।

इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की बेटी का पीछा करने के आरोप में बुधवार को हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को समन जारी किया था। विकास बराला को यहां सेक्टर-26 के पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा गया था।

विकास बराला और उसके दोस्त पर आरोप है कि उन्होंने शनिवार को हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी.एस. कुंडू की बेटी वर्णिका कुंडू का पीछा किया और धमकाया। इतना ही नहीं उन्होंने वर्णिता की गाड़ी रोक कर उसे अगवा करने की कोशिश भी की थी।

इस घटना के बाद पीड़ित लड़की ने अपने पिता के साथ पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। इतना ही नहीं वर्णिता कुंडू ने पूरे मामले को अपनी फेसबुक पोस्ट में भी लिखा था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital