सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं 10 दिन बाद शुरू

सहारनपुर। सहारनपुर में जातीय हिंसा को देखते हुए बंद की गयी इंटरनेट सेवा को दस दिनों के बाद फिर से शुरू किया गया है। जातीय हिंसा के बाद सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के ज़रिये फ़ैल रही अफवाहो के मद्देनज़र प्रशासन ने इंटरनेट सवाल को अस्थाई तौर पर बैन कर दिया था।

जिलाधिकारी पी के पांडेय ने बताया कि सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं बहाल करने से पहले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की अहम बैठक हुई जिसमें तय हुआ कि इण्टरनेट सेवायें बहाल होते ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जायेगी। इसके लिये सहारनपुर, मेरठ और लखनउ की सर्विलांस टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि भडकाउ पोस्ट करना ही अपराध नहीं है बल्कि आपत्तिजनक किसी भी पोस्ट को शेयर करना लाइक करना या उस पोस्ट पर कोई टिप्पणी करना भी अपराध की श्रेणी में आता है। सहारनपुर की व्यापारिक सामाजिक और आर्थिक परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने इस सेवा को बहाल किया है।

पाण्डेय ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति भडकाउ पोस्ट करता है तो उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया जायेगा और उस व्यक्ति का एकाउंट भी बंद कर दिया जायेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital