रेप की घटनाओं पर मंत्रीजी का शर्मनाक बयान : क्या सरकार घर – घर पहरा लगाएगी

जयपुर। रेप की घटनाओं पर अपना पल्ला झड़ते हुए राजस्थान की बीजेपी सरकार के एक मंत्री ने शर्मनाक बयान दिया है। जयपुर में दो दिन में दो लड़कियों से दुष्कर्म के मामले में राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ का कहना है कि सरकार दुष्कर्म रोकने के लिए घर-घर पहरा नहीं लगा सकती।

उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता से मिलने के बाद राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बयान पर कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिए पायलट ही कोई जादू की छड़ी दे दें। उन्होंने पायलट को अपरिपक्व बताया और कहा कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कुछ सीखना चाहिए।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया ने जब सराफ से दुष्कर्म की घटनाओं के बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने तल्खी दिखाते हुए कहा कि यह बात सही है कि अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन अब क्या किया जा सकता है।

क्या कांग्रेस के राज में दुष्कर्म नहीं होते थे। तब क्या रामराज्य था। कहा कि पायलट से पूछना चाहते हैं कि वह दुष्कर्म मामले में क्या कर सकते हैं और वह क्या चाहते हैं।

यदि किसी का नौकर बलात्कार करता है, तो इसमें सरकार या पुलिस क्या कर सकती है। सरकार एक-एक घर में पहरा लगाएगी क्या? पायलट को अभी पता नहीं है कि कहां क्या बोलना चाहिए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital