मोदी सरकार की नीतियों की वजह से किसानो की दिवाली हुई काली: सोनिया

मोदी सरकार की नीतियों की वजह से किसानो की दिवाली हुई काली: सोनिया

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बार फिर किसानो को उपज का सही दाम न मिलने का मुद्दा उठाया है। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की नीतियों की वजह से किसान आज काली दिवाली मनाने को मजबूर हैं।

देर शाम जारी एक बयान में सोनिया गांधी ने कहा, “बीजेपी ने सत्ता संभालते ही किसानों से धोखे की बुनियाद रख दी थी। सरकार मुट्ठी भर बिचौलियों और जमाखोरों को लाभ पहुंचाती रही है और किसानों का करोड़ों रुपया लूटती रही है।”

उन्होंने कहा कि “देश के किसान का शोषण बंद होना चाहिए और किसानों को उनकी फसलों का पूरा और सही मूल्य मिलना चाहिये। यही सरकार का असली राज धर्म है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के किसान काली दिवाली मनाने को मजबूर है। देश की मंडियों में समर्थन मूल्य से औसतन 22.5 प्रतिशत कम की दर से फसलें बिक रही हैं। इससे किसानों को लगभग पचास हजार करोड का नुकसान होगा।

उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। कृषि उपज का निर्यात घट रहा है और देश में फसलों के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। किसानों का दोहरा शोषण हो रहा है। सोनिया गांधी ने मोदी सरकार को नसीहत करते हुए कहा कि “किसानो का शोषण हो रहा है और सरकार को राजधर्म निभाना चाहिए।”

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital