मंदसौर हिंसा के खिलाफ कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, कई जगह रोकी रेल

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मंदसौर में प्रदर्शनकारी किसानो पर पुलिस फायरिंग के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में प्रदर्शन किया। बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, पंजाब, हरियाणा और नई दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रेल रोको आंदोलन चलाया। इसकी वजह से कई रूटों पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।

नई दिल्ली में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर मंदसौर में किसानों पर हुई पुलिस फायरिंग के विरोध में रेल रोको आंदोलन चलाया । वहीँ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साईं अनामिका के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कुछ किसानों संग उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और बाटा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन के इंजन पर चढ़कर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले गुरुवार को वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों के बीच आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए बैठक हुई थी।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने मंदसौर हिंसा के विरोध में गुरुवार को ही भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था। युवा कांग्रेस ने घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर रोल रोको आंदोलन चलाया।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital