भीम सेना का अगला पड़ाव होगा दिल्ली का रामलीला मैदान

नई दिल्ली। सहारनपुर में हुई जातीय हिंसा के विरोध में जंतर मतर पर हज़ारो की संख्या में जुटे दलितों का अगला पड़ाव दिल्ली का रामलीला मैदान होगा। गौरतलब है कि सहारनपुर जनपद में पिछले दिनों हुई जातीय हिंसा के दौरान 85 घरो में आगजनी की घटना हुई थी।

भीम सेना का आरोप है कि जातीय दंगो के बाद प्रशासन और बीजेपी के लोग उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। जंतरमंतर पर जुटे दलितों ने सरकार से एकजुट होकर न्याय की मांग की।

भीम सेना के सतपाल तंवर ने कहा कि अगर जंतर-मंतर की आवाज सरकार तक नहीं पहुंची तो आंदोलन का शंखनाद रामलीला मैदान दिल्‍ली में होगा। उन्होंने कहा कि दलितों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। दंगा भड़काने वालों में कुछ लोग शामिल हैं। लिहाजा सरकार उनपर कार्रवाई करे।

तंवर ने कहा कि भीम सेना का साथ देने के लिए दिल्‍ली चलो का आह्वान सोशल मीडिया पर करने को लेकर एक व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस समुदाय के लोगों को निशाना बना रही है। लोगों ने 32 लोगों को छोड़ने की मांग भी की, जिन्‍हें गिरफ्तार किया गया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital