बापू के बारे में बात करने से पहले उनके बताये रास्ते पर चलना सीखे बीजेपी: प्रियंका

बापू के बारे में बात करने से पहले उनके बताये रास्ते पर चलना सीखे बीजेपी: प्रियंका

लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने देश के कई राज्यों में गांधी संदेश यात्रा का आयोजन किया। जहाँ दिल्ली में संदेश यात्रा की अगुवाई पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने की वहीँ लखनऊ में आयोजित गांधी संदेश यात्रा की अगुवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कर रही थीं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में शहीद स्मारक से जीपीओ तक करीब ढाई किलोमीटर की पदयात्रा की। इस पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकरियों के अलावा कई पूर्व सांसद और विधायक शामिल हुए। पदयात्रा में भाग लेने उत्तर प्रदेश के कई शहरो से लोग लखनऊ पहुंचे थे।

पदयात्रा शुरू होने से पहले मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी को पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के रास्ते पर चलना चाहिये. बाद में उनके बारे में बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘सत्य के पथ पर चलना गांधी का आदर्श था और भाजपा पहले सत्य के पथ पर चले फिर गांधी की बातें करे।’

इस पदयात्रा के बाद प्रियंका गांधी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था लेकिन वे जीपीओ से सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गयीं। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी बुखार होने के चलते कार्यकर्ताओं को समय नहीं दे सकीं और उन्हें तबियत ख़राब होने के कारण जल्दी दिल्ली के लिए रवाना होना पड़ा।

गौरतलब है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने देशभर में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, हरियाणा, पंजाब सहित कई राज्यों में गांधी जयंती पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

गांधी जयंती के अवसर पर राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व के गांधी सन्देश यात्रा निकाली गयी। इतना ही नहीं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर और राजस्थान सरकार ने राज्य में गुटखा, तम्बाकू, पान मसाला, सुपारी की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का एलान किया।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital