फ्लाइट में चाकू लेकर चढ़ना चाहती थीं भाजपा की ये सांसद, एयरपोर्ट पर किया हंगामा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से भाजपा सांसद प्रियंका सिंह ने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर काफी हंगामा किया। टर्मिनल-3 से उड़ान भरने वाली प्रियंका के पास से चैकिंग के दौरान एक चाकू मिली थी। चैकिंग स्टाफ के कहने पर भी प्रियंका चाकू निकालने के लिए राजी नहीं हुईं। जिसकी वजह से काफी हंगामा हुआ। ”

सीआईएसएफ के डीजी ओपी सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्टाफ को प्रियंका के बैग से छुरी मिली थी। प्रियंका नियम जानने के बावजूद उसको निकालने को राजी नहीं हुईं। कथित तौर पर प्रियंका ने स्टाफ पर एफआईआर दर्ज करवाने की भी धमकी दी थी।

इस पर स्टाफ ने एयर इंडिया के ड्यूटी मैनेजर को बुलाया। उन्होंने ही प्रिंयका को मनाया। आखिरकार अंत में प्रियंका ने चाकू होल्ड एरिया में रखवा दिया। एयर इंडिया के विमान में उस जगह पर हथियार और गोलियां रखवाई जाती हैं। वहां वे क्रू मेंबर की निगरानी में होते हैं।

इस हंगामे के दौरान प्रियंका ने लोगों से कहा था कि छुरी उनके लड़के की है। उन्होंने स्टाफ को अपने सांसद होने की बात से भी धमकाया था। हालांकि, प्रियंका ने ऐसी कोई भी घटना होने से इंकार किया और बताया कि उनके बैग में एक कीरिंग थी, जिसके कारण यह हंगामा हुआ।

इससे पहले प्रियंका का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह पानी पीकर प्लास्टिक की खाली बोतल सुरयू नदी में फेंक देती हैं। प्रियंका सिंह रावत का विवादों से पुराना नाता है। इससे पहले वह एक पुलिसवाले को धमकी देती हुईं कैमरे में कैद हो गई थीं। तब 31 साल की रावत ने कहा था कि जितनी मलाई काट सकते थे, पुलिस अधिकारियों ने काट ली। अब भाजपा की सरकार है। इनकी खाल खींच ली जाएगी। आरोप हैं कि उन्होंने यह बात पुलिस ऑफिसर ज्ञानंजय सिंह के व्यवहार से नाराज होकर कही थी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital