पढ़िए- संयुक्त राष्ट्र में पीएम नरेंद्र मोदी और इमरान खान के भाषण की अहम बातें

पढ़िए- संयुक्त राष्ट्र में पीएम नरेंद्र मोदी और इमरान खान के भाषण की अहम बातें

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें अधिवेशन में शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संबोधित किया।

जहाँ पीएम नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना दुनिया से आतंकवाद मिटाने पर बल दिया वहीँ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान में आतंकवाद की जड़ें होने के आरोपों को ख़ारिज करते हुए दुनिया में इस्लामोफोबिया का ज़िक्र किया।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूएन पीसकीपिंग मिशन्स में सबसे बड़ा बलिदान अगर किसी देश ने दिया है, तो वो भारत है और इसलिए हमारी आवाज में आतंक के खिलाफ दुनिया को सतर्क करने की गंभीरता भी है और आक्रोश भी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का शांति, विकास, सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी बहुत प्रासंगिक है।

 

भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की अहम बातें:

  • अगले 5 वर्षों में हम जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही 15 करोड़ घरों को पानी की सप्लाई से जोड़ने वाले हैं। 2022 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्ष का पर्व मनाएगा, तब तक हम गरीबों के लिए 2 करोड़ और घरों का निर्माण करने वाले हैं।
  • दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों ने वोट देकर, मुझे और मेरी सरकार को पहले से ज्यादा मजबूत जनादेश दिया। इस जनादेश की वजह से ही आज फिर मैं यहां हूं।
  • हमारे देश की संस्कृति हजारों वर्ष पुरानी है, जिसकी अपनी जीवंत परंपराएं हैं, जो वैश्विक सपनों को अपने में समेटे हुए है। हमारे संस्कार, हमारी संस्कृति, जीव में शिव देखती है।
  • जब एक विकासशील देश, दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम सफलतापूर्वक चलाता है। 50 करोड़ लोगों को हर साल 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देता है तो उसके साथ बनी संवेदनशील व्यवस्थाएं पूरी दुनिया को एक नया मार्ग दिखाती हैं।
  • हमारी प्रेरणा है- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास।
  • हम 130 करोड़ भारतीयों को केंद्र में रखकर प्रयास कर रहे हैं लेकिन ये प्रयास जिन सपनों के लिए हो रहे हैं, वो सारे विश्व के हैं, हर देश के हैं, हर समाज के हैं।प्रयास हमारे हैं, परिणाम सारे संसार के लिए हैं।
  • हमारी आवाज में आतंक के खिलाफ दुनिया को सतर्क करने की गंभीरता भी है और आक्रोश भी। हम मानते हैं कि ये किसी एक देश की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की और मानवता की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है।
  • संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सबसे बड़ा बलिदान अगर किसी देश ने दिया है, तो वो देश भारत है। हम उस देश के वासी हैं जिसने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिए हैं, शांति का संदेश दिया है।
  • भारत जिन विषयों को उठा रहा है, जिन नए वैश्विक मंचों के निर्माण के लिए भारत आगे आया है, उसका आधार वैश्विक चुनौतियां हैं, वैश्विक विषय हैं और गंभीर समस्याओं के समाधान का सामूहिक प्रयास है।

पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के भाषण की अहम बातें:

  • इमरान ने कहा कि 9/11 के बाद पूरी दुनिया में इस्लामोफोबिया का ऐसा असर है कि हिजाब पहने भर से ही शक की निगाह से देखा जाने लगता है। हिजाब को भी हथियार मान लिया गया है।
  • संयुक्त राष्ट्र में इमरान खान ने कहा कि आतंकवाद का किसी धर्म से कोई नाता नहीं है, लेकिन मुस्लिम जब दूसरे देशों में जाते हैं तो उन पर शक किया जाता है।
  • इमरान ने कहा, आतंकवाद का किसी भी धर्म से संबंध नहीं होता है। इस्लामोफोबिया ने मुस्लिमों के दिलों में दर्द पैदा किया है। यूरोप के देश मुस्लिमों को हाशिए पर ला रहे हैं।
  • इमरान ने यूएन में अपने भाषण कहा कि हमें बताएं कि कश्मीर में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को जानवरों की तरह क्यों बंद कर दिया गया है। वे इंसान हैं।
  • कर्फ्यू उठने के बाद कश्मीर में खून की नदियां बहेंगी, लोग बाहर आएंगे। क्या मोदी ने सोचा है कि तब क्या होगा? क्या किसी ने सोचा, जब खून की नदियां बहेंगी तो क्या होगा? कश्मीर के लोग क्या सोचते होंगे, जिनके साथ जानवरों से बदतर बर्ताव हो रहा है।
  • इमरान ने कहा जो हम पर आरोप लगाते हैं कि हमारे यहां आतंकवादी संगठन हैं, हम कहते हैं कि यूएन ऑब्जर्वर्स भेजें। हमारे यहां कोई आतंकी संगठन नहीं हैं।
  • इमरान ने कहा- कश्मीर से जब भी कर्फ्यू उठेगा, तो वे हम पर इल्जाम लगाएंगे। पुलवामा से भी बड़ा हमला होगा, फिर वे आएंगे और हम पर बम बरसाएंगे।
अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital