प्रियंका गांधी ने की दिल्ली के नेताओं के साथ बैठक, मिल सकता है दिल्ली का प्रभार

प्रियंका गांधी ने की दिल्ली के नेताओं के साथ बैठक, मिल सकता है दिल्ली का प्रभार

नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली में अगले वर्ष के शुरू होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस नेताओं की आज हुई बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी के बाद अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रियंका गांधी को चुनाव में बड़ी ज़िम्मेदारी मिल सकती है।

गोरतलब है कि अभी हाल ही में हुए हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने खुद को अलग रखा था। दोनों ही राज्यों में प्रियंका गांधी की न तो कोई सभा आयोजित की गयी थी और न ही उन्होंने प्रचार में हिस्सा लिया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों के मद्देनज़र आज आयोजित बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने की। इस बैठक में पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, दिल्ली के प्रभारी महासचिव पी.सी. चाको के अलावा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा तथा प्रदेश कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रियंका गांधी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को ज़मीनी और आम आदमी से जुड़े मुद्दों को तरजीह देने की सलाह दी। प्रियंका ने दिल्ली कांग्रेस के नेताओं से कहा कि दिल्ली में प्रदूषण, प्याज की बढ़ती कीमतों, बेरोज़गारी और बढ़ते अपराधों को प्रमुखता से उठायें।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आम जनता तक पार्टी के कामो को जनसंपर्क और सोशल मीडिया के जरिये पार्टी के कार्यो को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान शुरू कीजिए। इतना ही नहीं प्रियंका ने सभी पार्टी नेताओं को सक्रियता से काम करने और ज़मीन पर दिखने की नसीहत भी की।

माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभा सकती है। सूत्रों की माने तो प्रियंका गांधी को दिल्ली का प्रभार भी दिए जाने की तैयारी है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital