प्रशासन ने रोकीं संगीत सोम की कैराना यात्रा

Sangeet-som8792902

कैराना । कैराना में हिंदू परिवारों के पलायन मुद्दे पर सरधना में प्रशासन ने भाजपा विधायक और मुजफ्फरनगर दंगो में आरोपी संगीत सोम की यात्रा रोक दी है प्रशासन की सकती आगे सोम को अपने समर्थकों के साथ वापस लौटना पड़ा । इससे पहले प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अतुल प्रधान की यात्रा को भी रोक दिया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार टकराव के आसार को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया ।

शुक्रवार को भाजपा विधायक संगीत सोम ने सैकड़ों समर्थकों के साथ सरधना स्थित अपने घर से ही निर्भय यात्रा शुरू कर दी लेकिन बीच रास्ते में ही उन्हें पुलिसबल ने रोक दिया। इस बारे में संगीत सोम का कहना था कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया क्योंकि उन्होंने वहां धारा 144 लागू कर दी है। इस वजह से उन्होंने अपनी यात्रा रोक दी है।

उधर, सपा नेता अतुल प्रधान ने सद्भावना यात्रा का ऐलान किया था। वह भी सरधना स्थित सिटी प्वाइंट से अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में निकले, लेकिन कुछ दूरी पर ही प्रशासन ने जिले में धारा 144 लगी होने का हवाला देते हुए उनकी यात्रा रोक दी। अतुल प्रधान ने चेतावनी दी थी कि अगर सोम की यात्रा नहीं रोकी गई तो वे जबरन यात्रा निकालेंगे। यदि ऐसा हुआ तो टकराव भी हो सकता है।

इस यात्रा को लेकर लोग सोशल साइट पर भी सक्रिय हैं। प्रशासन ने चौतरफा नाकेबंदी कर रखी है। सरधना की सीमाएं सील कर दी गई हैं। सुबह से ही मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर समेत कई अन्य जनपदों से फोर्स यहां लाई गई है। तमाम अधिकारी भी मौजूद हैं। माना यह भी जा रहा है कि अतुल की यात्रा रोकने के बाद पुलिस-प्रशासन कुछ आगे जाकर सोम की यात्रा भी रोकेगा। पुलिस-प्रशासन अफसरों का दावा है कि वह सोम की यात्रा को भी जिले की सीमा से बाहर नहीं जाने देंगे।

पदयात्रा से पूर्व संगीत सोम ने कहा कि, हम उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ खड़े हैं और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे. अगर कैराना से लोग पलायन कर रहे हैं तो हम उन्हें वापस लाएंगे. हम उत्तर प्रदेश को कश्मीर नहीं बनने देंगे।

हालांकि जिला प्रशासन ने दोनों यात्राओं को मंजूरी नहीं दी है इसके बावजूद सपा और भाजपा पदयात्रा निकालने का मूड बना चुके हैं। इस बीच सरधना में भरी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। शामली और मेरठ में पुलिस ने धारा 144 लागू कर दिया है। भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि, हम आज निर्भय यात्रा निकाल के रहेंगे। हमारी इस पदयात्रा का मकसद सिर्फ इतना है कि कैराना और यूपी के लोग यह महसूस कर सकें की वे सुरक्षित हैं।

वहीं दूसरी ओर सपा प्रत्याशी अतुल प्रधान ने कहा कि उनकी सद्भावना यात्रा का उदे्श्य उन लोगों के दिलों से डर निकालना है, जो कैराना से पलायन के लिए मजबूर हुए। प्रधान ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मंशा सांप्रदायिक दंगा कराकर चुनाव में इसका लाभ लेने की है। इतना ही नहीं भाजपा विधायक संगीत सोम की निर्भय यात्रा को अतुल प्रधान ने भाजपा की ओछी राजनीति बताया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital