एक्सक्लूसिव : लोकतंत्र बचाओ रैली में कांग्रेस ने भरी हुंकार ; सोनिया,राहुल,मनमोहन ने दी गिरफ्तारी

congress-rally

नई दिल्ली । मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को जंतर-मंतर से संसद तक लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला। लेकिन बीच में ही संसद मार्ग थाना पुलिस ने उनको रोक लिया, जिस पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह समेत कई नेताओं ने गिरफ्तारी दी। हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद उनको छोड़ दिया।

इससे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह सरकार संघ के इशारे पर चल रही है। कांग्रेस किसी से डरने वाली नहीं है। उनको पता नहीं है कि कांग्रेस किस मिट्टी की बनी है।

जंतर मंतर पर लोकतंत्र बचाओ मार्च को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिंदगी ने उनको सघर्ष करना सिखाया है। वे डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दो साल में सबकुछ बर्बाद कर दिया।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस मुक्त भारत की बात करती है। वह मोदी सरकार से कहना चाहते हैं कि कांग्रेस भारत की आत्मा है। कांग्रेस पर कई लोगों ने हमले किए लेकिन वो नाकाम रहे। केंद्र ने उत्तराखंड और अरूणाचल प्रदेश में लोकतंत्र पर हमला किया है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में सूखा पड़ा हुआ है। हर रोज 50 किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन पीएम मोदी कुछ नहीं कर रहे हैं। पीएम ने कहा था कि हम युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन मेक इंडिया के भव्य शो के बाद भी लोगों को रोजगार नहीं मिला। 2015 में केवल 1.30 लाख लोगों को रोजगार मिला। मोदी सरकार का जो भी विरोध करता है, उन पर झूठे आरोप लगाए जाते हैं।

https://twitter.com/PilotSachin/status/728454923545780225

राहुल ने कहा कि यह लोकतंत्र का देश है। हम लोकतंत्र के लिए लड़ेंगे। गरीबों के लिए लड़ेंगे। इस देश में केवल दो ही लोगों की चलती है, पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की।

सोनिया, मनमोहन, राहुल समेत कई नेताओं ने दी गिरफ्तारी
कांग्रेस प्रमुख के भाषण के बाद सोनिया गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ मार्च जंतर-मंतर से संसद भवन की ओर चला। लेकिन संसद मार्ग थाना पुलिस ने बीच में बैरिकेडिंग करके उनको रोक लिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह, ए के एंटनी और गुलाम नबी आजाद को हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद उनको फिर छोड़ दिया।

उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने के केंद्र के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला। इस मार्च में मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, कमलनाथ समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हुए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल नाथ ने कहा कि आज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। भाजपा अगस्तावेस्टलैंड का मामला उछालकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

वहीं कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा कि किसान खुदकुशी कर रहे हैं। देश सूख की मार झेल रहा है और मोदी सरकार सो रही है। सरकार को जागना चाहिए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital