उम्मीद से कम मतदान: 05 बजे तक महाराष्ट्र में 44% और हरियाणा में 52% मतदान

उम्मीद से कम मतदान: 05 बजे तक महाराष्ट्र में 44% और हरियाणा में 52% मतदान

नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा में बंपर वोटिंग की आस लगाए बैठे राजननीतिक दलों को झटका लगा है। हरियाणा 90 सीटों और महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। शाम पांच बजे तक महाराष्ट्र में 44% और हरियाणा में 52% मतदान हुआ।

2014 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा में 76.54% तथा महाराष्ट्र में 63.38% मतदान हुआ था। इसके मुकाबले आज हो रहे विधानसभा चुनाव में मतदान काफी कम हुआ है। जानकारों की माने तो कम मतदान होना सत्ता पक्ष के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। देखना है शेष रहे समय में मतदान का प्रतिशत क्या रहता है।

हरियाणा की 90 सीटों पर 1169 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इनमें से 104 महिलाएं हैं। जबकि महाराष्ट्र में 3237 उम्मीदवार मैदान में है जिनमें 235 महिलाएं हैं। महाराष्ट्र में कुल 8,98,39,600 लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 4,28,43,635 महिलाएं शामिल हैं।

हरियाणा में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है जबकि महाराष्ट्र में कांग्रेस का एनसीपी के साथ गठबंधन है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 147 और सहयोगी एनसीपी ने 121 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

वहीँ अन्य दलों में बीजेपी (सहयोगी छोटे दलों के साथ) ने 164, शिवसेना 126, राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) 10, बहुजन समाज पार्टी 262, भाकपा 16 और माकपा के 08 उम्मीदवार के अलावा 1400 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

कुछ जगह फ़र्ज़ी वोटिंग को लेकर हंगामा:

हरियाणा में कुछ जगह से फ़र्ज़ी वोटिंग को लेकर हंगामे की ख़बरें आयी हैं। उचाना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गांव डूमर खां में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बूथ पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया। इस पर विवाद और हंगामा हो गया। इस कारण वोटिंग रुक गई।

वहीँ उचाना में जेजेपी प्रत्‍याशी दुष्यंत चौटाला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पैतृक गांव डूमर खां में फर्जी वोटिंग और बूथ कब्‍जा किए जाने के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में जानकारी मिलने पर वह फर्जी वोटिंग रोकने आए तो कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और उन पर गिलास तक फेंका गया।

मुंबई में वूथो पर दिखे बॉलीवुड सितारे:

मुंबई में कई बॉलीवुड कलाकार भी मतदान करने पोलिंग बूथ पर दिखाई दिए। फिल्म अभिनेता सलमान खान के अलावा जया बच्चन, अभिषेक बच्चन और सनी देओल भी अपना वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंचे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital