आज आएंगे हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे

आज आएंगे हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे

नई दिल्ली। हरियाणा और महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम आज घोषित किये जाएंगे। महाराष्ट्र में 288 और हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव के साथ हुए 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीट (महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट) पर हुए उपचुनाव के परिणाम का भी आज ही एलान किया जाएगा।

चुनाव के बाद आये अधिकतर एग्जिट पोल में महाराष्ट्र और हरियाणा में एनडीए को भारी जीत की उम्मीद जताई गयी है जबकि इंडिया टुडे आईएनएक्स पोल में हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर की संभावना जताई गयी है।

चुनाव आयोग के मुताबिक मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए खासे सुरक्षा इंतजाम किये हैं।

इससे पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर ईवीएम से छेड़छाड़ का संदेह जताया था। दोनों पार्टियों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मतगणना वाले स्थानों पर नेटवर्क जैमर लगाने और प्रत्येक राउंड की गिनती पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को प्राप्त वोटों की जानकारी लिखित में देने की मांग की है।

गौरतलब है कि हरियाणा और महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार है। ऐसे में बीजेपी के लिए दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम सत्ता और विपक्ष दोनों को प्रभावित करेंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital