हिमाचल की जनता भाजपा से त्रस्त, हमारे पास भाजपा के धन बल का जवाब जन बल है: भूपेश बघेल

हिमाचल की जनता भाजपा से त्रस्त, हमारे पास भाजपा के धन बल का जवाब जन बल है: भूपेश बघेल

शिमला। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में धन बल के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास धन बल का जवाब जन बल है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कितना भी पैसा बहा लीजिए। ये प्रजातंत्र है, अगर जनता ने मन बना लिया है तो कांग्रेस को आने से कोई नहीं रोक सकता…भाजपा सरकार की नाकामी से जनता नाखुश है।

उन्होंने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ में कहा कि किसानों का कर्ज़ा माफ करेंगे, हमने कर दिखाया। हमने 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी का फैसला लिया, वो हम पिछले 4 साल से दे रहे हैं। हम जो कहते हैं वो करते हैं।

इससे पहले आज चुनाव घोषणा पत्र जारी होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता बेरोजगारी और महंगाई को लेकर त्रस्त है। हिमाचल की जनता चाहती है उनको नौकरी मिले, पुरानी पेंशन योजना लागू है और महिलाओं के पास कुछ पैसा आए। भाजपा ने 5 साल तक केवल ठगने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दे की गंभीरता को समझ रही है। इसलिए 10 गारंटी लेकर हम आए हैं ताकि लोगों को रोजगार मिले और उनकी आय में वृद्धि हो। हमने अपने घोषणापत्र के माध्यम से एक नई अर्थव्यवस्था जिसमें आम जनता ताकतवर हो, उसके बारे में बताने की कोशिश की है।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में राज्य की 68 विधानसभा सीटों पर एक चरण में चुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा। जबकि, नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital