बीजेपी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की समीक्षा करेगी हिमाचल की नई सरकार

बीजेपी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की समीक्षा करेगी हिमाचल की नई सरकार

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनने के साथ ही गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में विधानसभा के सत्र के बाद मंत्रिमंडल का गठन किया जायेगा।

इससे पहले आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में मुलाकात की। उनके साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतीभा सिंह भी मौजूद थीं।

इस मुलाकात के बाद न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पहली कैबिनेट में जो 10 गारंटी योजनाएं हैं वो लागू करेंगे, उसके अलावा 5 साल में जनता की सेवा में और जो फैसले लेने होंगे वो भी करेंगे। विक्रमादित्य सिंह हमारी कैबिनेट में जरुर होंगे।

उन्होंने बताया कि अभी हम भारत जोड़ो यात्रा में जा रहे हैं। राहुल गांधी ने जिस विचारधारा के लिए भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की उसके लिए हम, कांग्रेस के 40 के 40 विधायक और प्रदेश अध्यक्ष साथ जा रहे हैं।

पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार के फैसलों की होगी समीक्षा:

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की समीक्षा की जाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने उन अधिकारियों को भी बर्खास्त करने का आदेश दिया है जिन्हें हाल ही में फिर से नियुक्त किया गया था या उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था।

इसके अलावा नई कांग्रेस सरकार ने एक जून 2022 से पिछले छह महीनों के दौरान पिछली बीजेपी सरकार द्वारा किए गए सभी शिलान्यासों का विवरण भी 15 दिसंबर 2022 तक मुख्यमंत्री कार्यालय में जमा करने के लिए कहा है।

बीजेपी ने बताया बदले की भावना से कार्रवाही:

नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सख्त तेवरों पर बीजेपी ने इसे बदले की भावना करार दिया है। हिमाचल के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा है कि अंत के 8 से 9 महीने के कार्यकाल में हमने जो फैसले लिए थे उन्हें अब कांग्रेस सरकार रिव्यू कर रही है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital