कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव टला, 2022 तक अध्यक्ष बनी रहेंगी सोनिया !

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव टला, 2022 तक अध्यक्ष बनी रहेंगी सोनिया !

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अब जून में नहीं होगा। कोरोना महामारी को देखते हुए अध्यक्ष पद के चुनाव को फ़िलहाल टाल दिया गया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का कार्यकाल 6 महीने और बढ़ाया जाएगा और वे वर्ष 2022 तक अध्यक्ष पद पर आसीन रह सकती हैं।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कार्यसमिति की बैठक के बाद बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति ने कोरोना की अप्रत्याशित त्रासदी पर अपनी गहन चिंता जाहिर की।समिति ने ये भी कहा कि कोरोना की दूसरी वेव अब एक अत्यंत गंभीर आपदा का रूप धारण कर चुकी है और ये मोदी सरकार की नाकामी का सबूत है

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का प्रकोप चारों तरफ है, ऐसी स्थिति में कांग्रेस कार्यसमिति ने थोड़े समय के लिए एक मत से चुनाव (कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव) को स्थगित करने का प्रस्ताव पारित किया।

राहुल फिर बन सकते हैं अध्यक्ष:

वहीँ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संकेत दिए हैं कि वे फिर से कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाल सकते हैं। अभी हाल ही में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी ज़िम्मेदारी देगी वे उसका निर्वाह करने के लिए तैयार हैं। हालांकि अब से पहले राहुल गांधी फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनने के सवाल पर इंकार करते रहे हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद कई मौको पर उन्होंने दोबारा अध्यक्ष बनने की संभावनाओं से इंकार करते हुए कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्त्ता के तौर पर काम करेंगे। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अपनी पारम्परिक सीट अमेठी से भी चुनाव हार गए थे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital