शशि थरूर भी लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, नामांकन फार्म लिया

शशि थरूर भी लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, नामांकन फार्म लिया

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अब दो नाम सामने आ चुके हैं। कल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की स्वीकारोक्ति देने के बाद आज शशि थरूर का नाम सामने आया है।

तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने शनिवार को अपना प्रतिनिधि कांग्रेस मुख्यालय भेजकर नामांकन फार्म मंगवाया। थरूर के प्रतिनिधि ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र लिया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने से पहले ही कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। इस संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी पत्र लिखा था।

शशि थरूर ने सोनिया गांधी को लिखे अपने पत्र में पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। पत्र के जबाव में सोनिया गांधी ने कहा कि कोई भी कांग्रेस कार्यकर्त्ता चुनाव लड़ सकता है। इससे पार्टी के अंदर लोकतंत्र और मजबूत होगा।

शनिवार को थरूर के प्रतिनिधि द्वारा कांग्रेस मुख्यालय से पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन फार्म लिए जाने के बाद अब तस्वीर साफ़ हो गई है। अब यह तय है कि अशोक गहलोत के अलावा शशि थरूर भी पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लेंगे।

हालांकि अभी कुछ और दावेदारों के नाम भी सामने आने की संभावना है। इनमे वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के अलावा दक्षिण भारत के भी कुछ कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आने की संभावना है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital