सपा में सुलह: शिवपाल की सपा में वापसी, प्रसपा का सपा में विलय

सपा में सुलह: शिवपाल की सपा में वापसी, प्रसपा का सपा में विलय

लखनऊ। मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में अपनी पूरी जान फूंकने वाले प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की सपा में एक बार फिर घर वापसी हो गई है। इतना ही नहीं शिवपाल यादव की पार्टी प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी का भी समाजवादी पार्टी में विलय हो गया है।

गौरतलब है कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने 2,88,461 मतों से जीत दर्ज की है। डिंपल यादव की इस बड़ी जीत में शिवपाल यादव के भूमिका को अहम बताया जा रहा है। शिवपाल यादव जसवंतनगर से विधायक हैं और इस सीट पर डिंपल यादव को बीजेपी उम्मीदवार पर 50 हज़ार से अधिक वोटों की बढ़त मिली है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव ने संयुक्त रूप से एकजुट होने का एलान किया। इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव ने अपनी पार्टी प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय का एलान किया।

पत्रकारों से बात करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम 2024 का चुनाव एकजुट होकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे मनमुटाव चलते रहते हैं। हमारे बीच में किसी तरह का देषभाव नहीं था।

शिवपाल सिंह यादव की समाजवादी पार्टी में घर वापसी के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “सपा-प्रसपा के साथ आने से समाजवादी आंदोलन और सौहार्द की सकारात्मक राजनीति की शक्ति दुगनी हो गयी है।”

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital