आज से शुरू हो रहा मानसून सत्र, विपक्ष के तरकश में तीरो की कमी नहीं
नई दिल्ली। आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान कई अहम मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। इस बीच रविवार को आई पेगासस रिपोर्ट में भारतीय नेताओं, पत्रकारों और न्यायाधीशों के फोन हैक होने के खुलासे को लेकर विपक्ष आक्रामक तेवर अपना सकता है।
मानसून सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्ष के तरकश में तीरो की कमी नहीं हैं। महंगाई, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतें, किसान आंदोलन का मुद्दा और कोरोना वैक्सीन की कमी पर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर चुका है और अब पेगासस रिपोर्ट में 300 से अधिक भारतीय नेताओं, पत्रकारों और न्यायाधीशों के फोन हैक होने के खुलासे से विपक्ष को सरकार के खिलाफ एक और बड़ा मुद्दा मिल गया है।
प्रधानमंत्री संसद पहुंचे:
अब से थोड़ी देर पहले पीएम नरेंद्र मोदी मानसून सत्र में भाग लेने के लिए संसद भवन पहुंच चुके हैं। मानसून सत्र शुरू होने से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से कहा कि सरकार किसी चर्चा से नहीं भाग रही है, सरकार सार्थक चर्चा में विश्वास करती है। कोरोना की दूसरी वेव के बाद हम क्या चर्चा कर रहे हैं, लोग ये देख रहे हैं। हमारे बहुत लंबित बिल हैं, लोग सरकार और विपक्ष से उम्मीद कर रहे हैं।
इस बीच पेट्रोल-डीज़ल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए तृणमूल कांग्रेस के सांसद साइकिल से संसद पहुंचे।
वहीँ राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़के ने कहा कि हमने महंगाई और कुछ लोगों ने किसानों के मुद्दों पर नोटिस दिया है। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी से जिन चीज़ों की अनुमति मिलती है, उन पर चर्चा होगी। हम महंगाई और किसानों का मुद्दा उठाने वाले हैं।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि फोन टेपिंग के मसले पर नेता विपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में है। सदन में हम ये मुद्दा उठाएंगे और सरकार की इस पर जवाबदेही बनती है।
वहीँ जानकारी के मुताबिक, मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस किसानो का मुद्दा जोरशोर से उठाएगी, इतना ही नहीं ट्विटर विवाद को लेकर भी विपक्ष सरकार की घेरबंदी कर सकता है। इसके अलावा खाद्य पदार्थो तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी के मुद्दे पर भी विपक्ष सरकार को दोनों सदनों में घेरने की तैयारी कर चुका है।
