महाराष्ट्र: सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक ने ही कर दी राज्यपाल को हटाने की मांग

महाराष्ट्र: सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक ने ही कर दी राज्यपाल को हटाने की मांग

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा छत्रपति शिवजी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। विपक्ष के बाद अब सत्तापक्ष के एक विधायक ने भी राज्यपाल कोश्यारी को हटाए जाने की मांग की है।

वहीँ सूत्रों की माने राज्यपाल के विवादित बयान पर सत्तारूढ़ एकनाथ शिंदे की बालासाहेबांची शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच तनाव बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि अब सत्तारूढ़ बालासाहेबांची शिवसेना के एक विधायक ने ही राज्यपाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

छत्रपति शिवाजी को लेकर राज्यपाल कोश्यारी द्वारा दिए गए बयान को लेकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली ‘बालासाहेबांची शिवसेना’ के विधायक संजय गायकवाड ने राज्यपाल को महाराष्ट्र से हटाए जाने की मांग की है।

उन्होंने कहा, राज्यपाल को समझना चाहिए कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श कभी पुराने नहीं पड़ते और उनकी तुलना दुनिया के किसी भी अन्य महान व्यक्ति से नहीं की जा सकती है। मेरा केन्द्र के भाजपा नेताओं से अनुरोध है कि जिस व्यक्ति को राज्य के इतिहास का नहीं पता है, कैसे यह काम करता है, उसे दूसरी जगह भेजा जाना चाहिए।

मुश्किल में हैं एकनाथ शिंदे:

शिवसेना तोड़कर अगल दल बनाने वाले एकनाथ शिंदे को लेकर कहा जा रहा है कि उनसे नया कुनबा संभाला नहीं जा रहा। सूत्रों की माने तो पार्टी के कई विधायक उनसे नाराज़ हैं और वे एक बार फिर मातोश्री के संपर्क में हैं।

सूत्रों ने कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति एक बार फिर टर्न ले सकती है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है क्यों कि शिवसेना सांसद संजय राउत के जेल से बाहर आने के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गई है और राज्य में शिवसेना की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सूत्रों की माने तो एकनाथ शिंदे द्वारा शिवसेना तोड़कर अलग दल बनाये जाने को ठाकरे परिवार ने बेहद गंभीरता से लिया है और अब एकनाथ शिंदे के इशारे पर शिवसेना छोड़ने वाले विधायक उनके रडार पर हैं।

फिलहाल राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा छत्रपति शिवाजी को लेकर दिए गए बयान पर एकनाथ शिंदे गुट के अंदर पार्टी में सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल के विवादित बयान को लेकर पार्टी के कई विधायक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर आवाज़ उठाने का प्रेशर बना रहे हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital