मैं सरकार के आगे हाथ नहीं जोडुंगा, सीधे कोर्ट जाऊंगा: वरुण गांधी

मैं सरकार के आगे हाथ नहीं जोडुंगा, सीधे कोर्ट जाऊंगा: वरुण गांधी

पीलीभीत। बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार के दावों पर सवालिया निशान खड़े किये हैं। वरुण गांधी ने किसानो के साथ फसल की खरीद में किये जा रहे भ्रष्टाचार को लेकर साफ़ तौर पर कहा कि वे इस मामले को लेकर सरकार के सामने हाथ नहीं जोड़ेंगे बल्कि सीधे कोर्ट का रुख करेंगे।

वरुण गांधी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमे वे मंडी में कुछ लोगों के बीच बात करते नज़र आ रहे हैं। वीडियो में वरुण गांधी किसानो के साथ फसल खरीद में भ्रष्टाचार उजागर होने की बात कहते हैं। वरुण गांधी मंहगाई और पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतो की भी बात करते हैं।

इतना ही नहीं वरुण गांधी कहते हैं कि ”आप लोग हर चीज में झूठा बहाना ढूंढते हैं. नमी, टूटन, कालापन का बहाना बनाकर आप फसलों को रिजेक्ट करते हैं। इसे आप अपने मित्रों और और बिचौलियों तो 11-1200 में बेचते हैं और वही आपके पास आकर 1940 में बेच रहे हैं।” उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि आप क्यों बद्दुआ लेना चाहते हैं।”

वीडियो में वरुण गांधी आगे कहते हैं कि अब से मेरा एक प्रतिनिधि हर मुख्य क्रय केंद्र पर रहेगा और नजर रखेगा। अगर आप लोगों ने किसानों के साथ भ्रष्टाचार या क्रूरता की तो मैं सरकार के आगे हाथ-पैर नहीं जोड़ूंगा सीधे कोर्ट जाऊंगा और आप सबको गिरफ्तार करवाऊंगा।

वरुण गांधी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया और कहा कि जब तक एमएसपी की वैधानिक गारंटी नहीं होगी, ऐसे ही मंडियों में किसानों का शोषण होता रहेगा। इस पर सख़्त से सख़्त कार्यवाही होनी चाहिए।

गौरतलब है कि वरुण गांधी इससे पहले भी पार्टी लाइन से अलग हटकर राय रखते रहे हैं। वरुण गांधी ने पार्टी लाइन से अलग न सिर्फ किसान आंदोलन का समर्थन किया बल्कि लखीमपुर खीरी कांड में भी वे पीड़ित किसानो के समर्थन में खड़े दिखाई दिए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital