दिल्ली पहुंचे गहलोत, आज सोनिया से करेंगे मुलाकात

दिल्ली पहुंचे गहलोत, आज सोनिया से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों की माने तो पार्टी हाईकमान के निर्देश पर अशोक गहलोत दिल्ली पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में बीते रविवार को विधायक दल की बैठक को लेकर हुई उठापटक को लेकर हाईकमान ने अशोक गहलोत को तलब किया है।

दिल्ली पहुंचकर पत्रकारों से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा, “सब ठीक है। कल (गुरुवार) कांग्रेस की (अंतरिम) अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलूंगा उसके बाद बात करूंगा। राहुल गांधी महंगाई, बेरोज़गारी, तानाशाही को लेकर निकले हैं। किसी को नहीं पता देश किस दिशा में जा रहा है। यह घर की बातें है और आंतरिक राजनीति में चलता रहता है।”

माना जा रहा है कि राजस्थान की घटना से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की नाराज़गी के बाद अब अशोक गहलोत पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। यही कारण है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज नामांकन पत्र लिया है और वे कल आपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

इस बीच गहलोत सरकार में मंत्री मुरारी लाल मीणा का बयान सामने आया है। मीणा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस तरह से हमारे खिलाफ भाषा प्रयोग किया जा रहा कि हम गद्दार है तो इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता। ऐसा कहने वालों को अपने भीतर झांकना चाहिए। मैं शुरु में BSP टिकट पर चुनाव जीता लेकिन कांग्रेस में आने के बाद हम कांग्रेस के समर्पण की भावना से काम कर रहें।

उन्होंने कहा कि मेरा आकलन है कि पार्टी में जो हाई कमान दिशानिर्देश देता है वही सबको करना चाहिए। हम पहले भी हाई कमान की बात मानते थे और अब भी हाई कमान की बात मान रहे हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital