गहलोत का यूटर्न, कल नामांकन दाखिल करेंगे दिग्विजय सिंह, निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना

गहलोत का यूटर्न, कल नामांकन दाखिल करेंगे दिग्विजय सिंह, निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख़्यमंत्री दिग्विजय सिंह कल शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। जानकारों की माने तो दिग्विजय सिंह के नामांकन भरने के एलान के बाद अब इस बात की संभावनाएं बढ़ गईं हैं कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपना नामांकन वापस ले लेंगे और दिग्विजय सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो जायेंगे।

अपने नामांकन दाखिल करने के बारे में जानकारी देते हुए दिगिवजय सिंह ने मीडिया को बताया कि “मैं कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष का फॉर्म भर रहा हूं। मैं पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के पास गया और उनसे मुलाकात की है।”

इससे पहले आज राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव से यूटर्न ले लिया। गहलोत ने कहा कि वे अब कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।

मीडिया से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा, “मैं कोच्चि में राहुल गांधी से मिला और उनसे कांग्रेस अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। जब उन्होंने स्वीकार नहीं किया तो मैंने कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगा लेकिन अब उस घटना (राजस्थान राजनीतिक संकट) के बाद मैंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।”

वहीँ सूत्रों की माने तो राजस्थान में गहलोत समर्थक विधायकों के शक्ति प्रदर्शन से नाराज़ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत के समक्ष भी अपनी नाराज़गी जताई। सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत से साफ़ शब्दों में कहा कि गहलोत ने एक नई व्यवस्था को जन्म दे दिया है और कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं कर सकती।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital