19 सितंबर को भगवा पार्टी में शामिल होंगे कैप्टेन अमरिंदर सिंह

19 सितंबर को भगवा पार्टी में शामिल होंगे कैप्टेन अमरिंदर सिंह

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टेन अमरिंदर सिंह 19 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। पंजाब लोक कांग्रेस के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने पुष्टि की कि उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) का भाजपा में विलय होने की संभावना है।

गौरतलब है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब में बड़ा फेरबदल करते हुए कैप्टेन अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया था।

मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने और कांग्रेस छोड़ने के बाद कैप्टेन अमरिंदर सिंह बीजेपी के संपर्क में आये और उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कहते हुए अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बना ली और विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन कर कई सीटों पर अपने उम्मीदवार भी खड़े किये।

हालांकि विधानसभा चुनाव में कैप्टेन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस कुछ खास नहीं कर सकी लेकिन कई सीटों पर उन्होंने कांग्रेस को खासी क्षति ज़रूर पहुंचाई।

अमरिंदर सिंह ने अभी हाल ही में दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद ही इस बात के संकेत मिलने लगे थे कि कैप्टेन का नया ठिकाना भारतीय जनता पार्टी हो सकती है। विधानसभा चुनावो में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब कैप्टेन अमरिंदर सिंह स्वयं भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं और वे अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी बीजेपी में विलय करेंगे।

TeamDigital