बिहार में 28 दिसंबर से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

बिहार में 28 दिसंबर से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

पटना। बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 28 दिसंबर से शुरू होगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पटना में यह एलान किया। उन्होंने कहा कि “भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे” के खिलाफ 1,200 किलोमीटर लंबा मार्च बांका जिले से शुरू होगा और बोधगया में समाप्त होगा। इसमें राज्य के 17 जिले शामिल होंगे।

रविवार को पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में जयराम रमेश ने कहा कि “भारत जोड़ो यात्रा ने भाजपा को अस्थिर कर दिया है, जिसने घटिया और बचकाना ध्यान भटकाने वाली रणनीति का सहारा लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भगवा पार्टी का शीर्ष पायदान राहुल गांधी की पदयात्रा से चिंतित है।” इस प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि बिहार में भारत जोड़ो यात्रा की राजयव्यापी पदयात्रा में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक हिस्सा लेंगे। हालांकि बिहार में आयोजित होने वाली भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे।

वहीँ सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा में भाग लेते हुए जयराम रमेश ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में 30 सिविल सोसायटी के लोग चल रहे हैं, मैं आप सभी बिहार के सिविल सोसाइटी को इस यात्रा के लिए निमंत्रण देता हूं। आप भी आईये और हमारे साथ चलिए। अभी मेधा पाटकर भी हमारे साथ इस यात्रा में शामिल हो रहीं हैं।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मकसद चुनाव नहीं है, जो कांग्रेस के वर्षों से विरोध में रहें हैं वो हमारे साथ है। बिहार में पालिटिकल कान्सेयसनेश बहुत ज्यादा है जिसका फायदा देश को होना चाहिए और एक मजबूत नेतृत्व वाला विपक्ष बनाना चाहिए ,आइये हम सब मिलकर इस भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो।

गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी में ‘भारत जोड़ी यात्रा’ की शुरुआत की गई थी। वह 150 दिनों में 12 राज्यों में लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भारत जोड़ो यात्रा दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना होते हुए महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुकी है। महाराष्ट्र के बाद यह यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital