बड़ा आंदोलन खड़ा करने की तैयारी में कांग्रेस, दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कमेटी गठित
नई दिल्ली। देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी सहित राष्ट्रीय मुद्दों पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसके लिए एक 9 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह करेंगे।
इस समिति में दिग्विजय सिंह के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, राज्यसभा के सदस्य रिपुन बोरा, मनीष चतरथ, बीके हरिप्रसाद, उदित राज, रागिनी नायक और ज़ुबैर खान के नाम शामिल हैं।
पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, यह समिति तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय मुद्दों पर सतत आंदोलन के लिए योजना बनाएगी। गौरतलब है कि पिछले माह कांग्रेस सहित 19 राजनीतिक दलों ने घोषणा की थी कि वे 20 सितंबर से 30 सितंबर तक देश भर में संयुक्त धरना-प्रदर्शन करेंगे।
बता दें कि पेगासस और किसानो के मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में सरकार को घेरने के बाद अब कांग्रेस देश में बढ़ती महंगाई को लेकर लगातार सरकार को घेर रही है।
रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोत्तरी को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन किये। देश की राजधानी दिल्ली में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम आवास के पास प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।