कांग्रेस ने झारखंड में इस ज़मीनी नेता को सौंपी पार्टी की कमान

कांग्रेस ने झारखंड में इस ज़मीनी नेता को सौंपी पार्टी की कमान

रांची। झारखंड में कांग्रेस ने हेमंत सोरेन कैबिनेट में मंत्री बने रामेश्वर उरांव की जगह राजेश ठाकुर को झारखंड कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।इसके अलावा पार्टी ने राज्य में चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किये हैं।

कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई से कांग्रेस की राजनीति शुरू करने वाले नए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर झारखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी भी रहे चुके हैं। इतना ही नहीं राजेश ठाकुर कांग्रेस के उन नेताओं में से एक हैं जिन्हे ज़मीनी नेता की संज्ञा दी जाती है।

बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राजेश ठाकुर ने कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाएंगे और कांग्रेस को प्रदेश में आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से समर्पित रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्‍होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह का आभार व्यक्त किया है।

जिन चार नेताओं को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है उनमे सांसद गीता कोड़ा, विधायक बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो और शाहज़ादा अनवर के नाम शामिल हैं।

बुधवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से पत्र जारी किया गया। जिसमें कहा कि राजेश ठाकुर को तत्काल प्रभाव से झारखंड कांग्रेस का नया प्रदेश नियुक्त किया जाता है।

पत्र में के सी वेणुगोपाल ने पूर्व में रहे चार कार्यकारी अध्यक्षों कमलेश महताओ, इरफान अंसारी, मानस सिंहा और संजय पासवान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव सहित सभी का धन्यवाद अदा किया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital