‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के लिए कांग्रेस ने नियुक्त किए 26 पर्यवेक्षक

‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के लिए कांग्रेस ने नियुक्त किए 26 पर्यवेक्षक

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के सफल आयोजन और कार्यान्वयन के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने का एलान किया। कांग्रेस का “हाथ से हाथ जोड़ो” अभियान भारत जोड़ो यात्रा के बाद शुरू होना है।

‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ 26 जनवरी से शुरू होगा और अगले दो महीनों तक चलेगा। वहीँ कांग्रेस का अधिवेशन फरवरी में रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगा।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए पार्टी ने कुल 26 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। इन पर्यवेक्षकों को एक या एक से अधिक राज्यों की ज़िम्मेदारी दी गई है। मिलिंद देवड़ा को गुजरात, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के लिए नियुक्त किया गया है।

वहीँ सुभाष चोपड़ा को हरियाणा; पृथ्वीराज चव्हाण को कर्नाटक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के लिए दीपेंद्र हुड्डा; उत्तराखंड के लिए अजय कुमार लल्लू; जबकि गुलाम अहमद मीर को पश्चिम बंगाल और अंडमान और निकोबार सहित अन्य के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

“हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” कार्यक्रम में, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रत्येक राज्य की राजधानी में एक महिला मार्च का नेतृत्व करेंगी और एक ‘महिला घोषणापत्र’ पढ़ेंगी। बता दें कि कांग्रेस अपने ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ को बूथ स्तर तक ले जाने का एलान किया है।

इतना ही नहीं प्रियंका के नेतृत्व में महिला मार्च के अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा जनता के नाम लिखा गया पत्र और भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट भी हर व्यक्ति को वितरित की जाएगी। यात्रा के बाद प्रत्येक जिले में ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन होगा, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital