नरम पड़े गहलोत, सचिन पायलट के साथ की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस

नरम पड़े गहलोत, सचिन पायलट के साथ की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस

जयपुर। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के आगमन से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के तेवर नरम होते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनो मौजूद थे।

इससे पहले कांग्रेस के वॉर रूम में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की मौजूदगी में एक बैठक संपन्न हुई। बैठक के बाद गहलोत ने कहा कि राजस्थान में सब एकजुट हैं, हम दोनों ही नेता पार्टी की एसेट हैं और दोनों मिलकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाएंगे।

सचिन पायलट को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी जी ने कहा कि दोनों सम्मानित नेता हैं, अशोक गहलोत और सचिन पायलट संपत्ति हैं।

भारत् जोड़ो यात्रा को लेकर गहलोत ने कहा कि देश के अंदर जो माहौल बना है वो माहौल देश में जो चुनौती, तनाव और हिंसा का माहौल है इसे लेकर जो मुद्दा राहुल जी ने पकड़ा है उसे पूरे देश ने स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री गुजरात में जिस प्रकार घूम रहे हैं,इस प्रकार से यात्राएं वहां क्यों हो रही हैं? आप समझ सकते हैं कि इतने घबराए हुए और बौखलाए हुए हैं क्योंकि राहुल गांधी की यात्रा का संदेश इतना शानदार है।

कांग्रेस के युवा चेहरे कहे जाने वाले सचिन पायलट ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी की राजस्थान में होने वाली भारत जोड़ो यात्रा काफी यादगार रहेगी, यह एक ऐतिहासिक यात्रा होगी, हर वर्ग के लोग इस यात्रा से जुड़ेंगे। कार्यकर्ता और नेता भी इस यात्रा से जुड़ेंगे।

गौरतलब है कि अभी हाल ही में सचिन पायलट के राजस्थान का मुख्यमंत्री बनने की संभावना के सवाल पर मुख्यमंत्त्री अशोक गहलोत ने उन्हें गद्दार कहा था। गहलोत ने कहा था कि पायलट पार्टी विधायकों को लेकर रिजॉर्ट में ठहरे थे उसका खर्च बीजेपी से आ रहा था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital