सिद्धू से बैठक के बाद सोनिया से मिलने10 जनपथ पहुंची प्रियंका

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बीच पैदा हुई रार को हल करने की कवायद के तहत कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आज कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की।
माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी ने सिद्धू को जो फॉर्मूला सुझाया है, उससे सिद्धू संतुष्ट हैं और इस फॉर्मूले पर अंतिम मुहर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की लगनी बाकी है।
सिद्धू ने इस बैठक के बाद ट्वीट कर कहा, ‘प्रियंका गांधी वाड्रा जी के साथ लंबी बैठक हुई।’ इतना ही नहीं सिद्धू ने अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की।
यही कारण है कि सिद्धू से मुलाकात के तुरंत बाद प्रियंका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास दस जनपथ रवाना हो गई हैं। सूत्रों की माने तो सिद्धू को पंजाब से अलग रखने के लिए उन्हें पार्टी में कोई बड़ा पद या प्रभार दिया जा सकता है।
हालांकि पहले मीडिया में खबर आई कि सिद्धू बुधवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंच रहे हैं। हालांकि मंगलवार को राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए साफ़ कर दिया कि उन्होंने सिद्धू को मिलने दिल्ली नहीं बुलाया है।
गौरतलब है कि पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों को नाराज़ करने के पक्ष में नहीं है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कैप्टेन अमरिंदर सिंह से खुश नहीं हैं और हाल ही में सोनिया की नाराज़गी उस समय सामने आई जब उन्होंने कैप्टेन अमरिंदर सिंह को मिलने के लिए वक़्त देने से इंकार कर दिया था।
फिलहाल देखना है कि प्रियंका गांधी और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच हुई बैठक में जो फॉर्मूला तय हुआ है, वह फॉर्मूला क्या है और उस पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी मुहर लगाती हैं या नहीं ?
सिद्धू एक गुमराह मिसाइल:
नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टेन अमरिंदर सिंह के बीच चल रही तकरार पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू एक गुमराह मिसाइल है जिसका कोई कंट्रोल नहीं है,जो किसी भी दिशा में हिट कर सकती है। आज पंजाब को अभिनय करने वाले की नहीं बल्कि राज्य के विकास के बारे में सोचने वाले की जरूरत है।