वरुण गांधी ने फिर बढ़ाई बीजेपी की धड़कन, अब किसानो के समर्थन में शेयर किया वाजपेयी का वीडियो
नई दिल्ली। किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी कांड को लेकर लगातार पार्टी लाइन से अलग हटकर बयान दे रहे बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर बीजेपी नेताओं की धडक़ने बढ़ा दी हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने बृहस्पतिवार को ट्विटर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के 1980 के भाषण की एक छोटी क्लिप पोस्ट की, जिसमें वाजपेई ने किसानों को अपना समर्थन देते हुए उनके दमन के खिलाफ तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार को चेतावनी दी थी।
गांधी ने ट्वीट किया, ‘बड़े दिल वाले नेता के समझदारी भरे शब्द…’
भाजपा सांसद गांधी मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन मुखरता से कर रहे हैं। वाजपेई के भाषण वाला उनका यह ट्वीट केंद्र सरकार के लिये उनके संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
वीडियो क्लिप में वाजपेई को एक सभा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि किसानों को डराया नहीं जा सकता। वीडियो में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई कहते हैं, ‘अगर सरकार (किसानों को) दबाएगी, कानूनों का दुरुपयोग करेगी और शांतिपूर्ण आंदोलन का दमन करेगी, तो हम किसानों के संघर्ष में शामिल होने और उनके साथ खड़े होने से नहीं हिचकिचाएंगे।’
गांधी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में चार किसानों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जो कथित रूप से भाजपा नेताओं से जुड़ी कारों से कुचले गए थे। गांधी को हाल में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से हटा दिया गया। इसे गांधी से पार्टी नेतृत्व की नाराजगी के रूप में देखा गया था।
गौरतलब है कि वरुण गांधी पहले भी किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट कर अपनी बात रख चुके हैं। इतना ही नहीं लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में वरुण गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पीड़ित किसानो के परिवारों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की बात कही थी। वरुण गांधी उन बीजेपी नेताओं में शामिल हैं जिन्हे हाल ही में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है।
