सरकार ने किसानो को भेजे 5 प्रस्ताव, कल 2 बजे फिर होगी संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक

सरकार ने किसानो को भेजे 5 प्रस्ताव, कल 2 बजे फिर होगी संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की तरफ से संयुक्त किसान मोर्चे को 5 प्रस्ताव भेजे गए हैं। आज संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा हुई। हालांकि अभी भी कुछ प्रस्तावों पर किसान सरकार से सहमत नहीं हैं।

बैठक के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के नेता युद्धवीर सिंह ने कहा कि 5 सदस्यीय कमेटी की एक बहुत महत्वपूर्ण बैठक हुई। उसमें सरकार की तरफ से प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। उस प्रस्ताव पर आज संयुक्त किसान मोर्चा के साथियों के साथ बैठक हुई, चर्चा हुई। कुछ साथियों को प्रस्ताव पर स्पष्टीकरण चाहिए था।

किसान नेता ने कहा कि विषय नोट कर लिए गए हैं उन्हें सरकार को भेजा जाएगा। उम्मीद है कि कल तक सरकार की तरफ से जवाब मिल जाएगा। उसपर कल 2 बजे फिर से बैठक होगी। सरकार की तरफ से जो भी उत्तर आएगा उसपर चर्चा की जाएगी।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता गुरुनाम सिंह चढूनी ने कहा कि आंदोलन में 700 से अधिक किसानों ने जान गंवाई है, जिनके लिए पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपये मुआवजा और परिवार में एक को सरकारी नौकरी की बात की है। यही मॉडल केंद्र सरकार को भी लागू करना चाहिए।

वहीँ गाज़ीपुर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकार के प्रस्ताव पर कहा कि सरकार द्वारा प्रस्ताव दिया गया था कि सारी बातें मान ली जाएंगी आप उठ जाइए। MSP पर कमेटी बनाएंगे। परंतु कुछ स्पष्ट नहीं है। कल 2 बजे फिर से चर्चा होगी। केस वापसी को लेकर प्रस्ताव है कि केस वापस ले लिए जाएंगे, आप उठ जाइए। लेकिन चिट्ठी पर कौन विश्वास करेगा?

दरअसल, सरकार की तरफ से किसानो को भेजे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि सरकार उनकी मांगो पर विचार करने के लिए तैयार है लेकिन उन्हें पहले अपना आंदोलन समाप्त कर देना चाहिए। आंदोलन समाप्त करने के मुद्दे पर संयुक्त किसान मोर्चे में एक राय नहीं बन पा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि सरकार पर भरोसा करके आंदोलन समाप्त किया जा सकता है वहीँ कुछ लोग मांगें पूरी होने तक आंदोलन समाप्त करने के पक्षधर नहीं हैं।

संयुक्त किसान मोर्चे ने सभी प्रस्तावों पर आम राय कायम करने के लिए कल दोपहर दो बजे फिर संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक बुलाई है। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिया जाना है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital