आज आएंगे उपचुनाव के नतीजे, तय हो जायेगा देश में क्या है जनता का मिजाज

आज आएंगे उपचुनाव के नतीजे, तय हो जायेगा देश में क्या है जनता का मिजाज

नई दिल्ली। तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए मतगणना का काम कल होगा। देश के अलग अलग राज्यों से जुडी 29 विधानसभा सीटों और तीन लोकसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के परिणामो से हालांकि राष्ट्रीय राजनीति पर बड़ा फर्क पड़ने वाला नहीं है लेकिन चुनाव परिणाम से देश की जनता का मिजाज अवश्य पता लगेगा।

जिन 29 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए हैं उनमे करीब आधा दर्जन सीटें बीजेपी के पास थीं, वहीं कांग्रेस के पास नौ सीटें और बाकी क्षेत्रीय पार्टियों के पास थीं।

विधानसभा के उपचुनाव में जिन लोगों की साख दांव पर लगी है उनमे इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला, कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर ई लिंगदोह और तेलंगाना के पूर्व मंत्री ई राजेंद्र प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।

वहीँ 29 विधानसभा सीटों के अलावा 3 लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम भी मंगलवार को घोषित किये जाने हैं। जिन तीन लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए हैं उनमे दादरा और नगर हवेली, मध्य प्रदेश की खंडवा और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट शामिल है।

चुनाव विश्लेषकों की मानें तो उपचुनाव के नतीजे अगले वर्ष कई अहम राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जनता का मूड तय कर सकते हैं। उपचुनाव ऐसे समय में हुए हैं जब देश में मंहगाई और किसान आंदोलन दो बड़े मुद्दे हैं।

जानकारों के मुताबिक,उपचुनाव के परिणाम पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतोँ और तीन नए कृषि कानूनों पर जनमत साबित हो सकते हैं। उपचुनाव वाले जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार है वहां मंहगाई से पैदा हुई सरकार विरोधी लहर बीजेपी के लिए परेशानी पैदा कर सकती है।

जानकारों के मुताबिक, उपचुनाव के नतीजों का राष्ट्रीय राजनीति पर कोई ख़ास प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन कई राज्यों में राजनीतिक समीकरण अवश्य बदल सकते हैं। इतना ही नहीं मध्य प्रदेश में उपचुनाव के नतीजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का भविष्य भी तय कर सकते हैं। गौरतलब है कि गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन के बाद से मध्य प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital