पंजाब में आज से शुरू होगा विधानसभा का विशेष सत्र

पंजाब में आज से शुरू होगा विधानसभा का विशेष सत्र

चंडीगढ़। पंजाब में आज से विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो रहा है। इस सत्र में केंद्र सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विधानसभा में विधेयक पेश किया जाएगा।

विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने एलान किया है कि मोदी सरकार द्वारा लाये गए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब आरपार की लड़ाई लड़ेगा।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को जारी अपने वीडियो सन्देश में कहा कि “मोदी सरकार द्वारा किसान-मजदूरों की आवाज़ को दबाया गया, कुचला गया। लेकिन मुझे खुशी है कि पंजाब की विधानसभा में पंजाब के किसान-मजदूरों की आवाज विशेष सत्र में सुनाई देगी।”

उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार ने जो तीन कानून बनाए गए हैं वो हिंदुस्तान के हर किसान की आत्मा पर आक्रमण हैं। उनके खून-पसीने पर आक्रमण है। इस बात को हिंदुस्तान के सभी किसान और मजदूर भली-भांति समझते हैं।”

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी जब भी प्रोग्राम चलाती है, चाहे वह मनरेगा, भोजन का अधिकार या ग्रामीण बुनियादी ढांचा कार्यक्रम हो। हम पंचायत के माध्यम से चलाते हैं, क्योंकि हमारे सरपंच भाई-बहन गाँव की आवाज़ को समझते हैं और उसके विकास के बारे में सोचते हैं।”

वहीँ दूसरी तरफ पंजाब में किसानो का विरोध जारी है। कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब के किसान कई जगह धरने पर बैठे हैं। अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, मुक्तसर, रोपड़ और संगरूर में किसानों का धरना- प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। फिरोजपुर में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने रेल रोको आंदोलन 21 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital