पैदल मार्च को लेकर आमने-सामने आये सपा और योगी सरकार

पैदल मार्च को लेकर आमने-सामने आये सपा और योगी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के पैदल मार्च के आयोजन को लेकर सवाल उठाये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी दल और व्यक्ति को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने में कहीं कोई बुराई नहीं है…अगर उन्होंने (समाजवादी पार्टी) अनुमति मांगी होगी तो जो भी सरल मार्ग होगा प्रशासन ने उनको उपलब्ध कराया होगा।

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि समाजवादी पार्टी से यह उम्मीद करना कि वह किसी नियम या किसी शिष्टाचार को माने, यह केवल एक कपोल कल्पना ही कही जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ लोगों के हितों के लिए डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को शासन की योजानाओं का लाभ पहुंचा रही है। विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए भी यहां अभाव और अराजकता के लिए जगह नहीं है।

समाजवादी पार्टी के पैदल मार्च को लेकर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिसे मार्च का नाम देकर विरोध प्रदर्शन कर रही है वो जनता के हितों से जुड़ा हुआ है ही नहीं। अगर उन्हें जनता से जुड़े किसी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो सदन में करनी चाहिए, जो कार्यवाही का हिस्सा बने। सरकार चर्चा के लिए तैयार है।

वहीँ समाजवादी पार्टी के पैदल मार्च को लेकर ज्वाइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर पीयूष मोर्डिया ने लखनऊ में कहा कि पैदल यात्रा की जानकारी मिली थी। इसके लिए पूर्वानुमति नहीं मांगी गई थी। हमने उनको एक मार्ग निर्धारित करके दिया था जिससे यातायात और अन्य परेशानी नहीं होती। उन्होंने यह नहीं माना। हमारे पास उनको रोकने के अलावा कोई अन्य उपाय नहीं है।

अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना:

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रदेश की योगी सरकार पर प्रदेश की जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रदेश में मंहगाई, कानून व्यवस्था और बाढ़ के मुद्दे पर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है। जनता महंगाई में पिस गई है। कानून व्यवस्था कभी इतना बर्बाद नहीं हुआ होगा, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ हिस्सों में बाढ़ और कुछ हिस्सों में सूखा है। सरकार ने किसानों को इससे हुए नुकसान पर कोई राहत नहीं दी है। लम्पी वायरस से हजारों-हजार गायों की जान जा चुकी हैं, सरकार उन जानवरों की देखभाल के लिए भी कुछ नहीं कर पाई है। इससे पहले आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital