सोनिया गांधी ने 16 नवंबर को बुलाई कांग्रेस की अहम बैठक

सोनिया गांधी ने 16 नवंबर को बुलाई कांग्रेस की अहम बैठक

नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 16 नवंबर को कांग्रेस के महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष और सीएलपी नेताओं की बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस मुख्यालय में होगी।

माना जा रहा है कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के अलावा इस बैठक में हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव परिणामो की समीक्षा की जा सकती है।

पार्टी सूत्रों की माने तो संगठन को पुरानी लय में वापस लाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी हर सम्भव कोशिश में जुटी हैं। सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी चाहती हैं कि कांग्रेस सिर्फ सोशल मीडिया पर नहीं बल्कि ज़मींन पर भी एक्टिव दिखे।

अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश में बड़ा फेरबदल करके कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बात का सन्देश दे दिया है कि वे पार्टी संगठन में ज़मीन से जुड़े नेताओं को अहमियत देंगी।

सूत्रो के मुताबिक 16 नवंबर को हो रही बैठक में सोनिया गांधी प्रदेश कांग्रेस इकाईयों को ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दे सकती हैं।

वहीँ कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में शीतकालीन सत्र को लेकर भी चर्चा हो सकती है। संसद का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होकर 13 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में मोदी सरकार राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट बनाने के लिए अध्यादेश ला सकती है।

इतना ही नहीं संसद के शीतकालीन सत्र में देश में आर्थिक मंदी, व्हाट्सएप जासूसी, विपक्षी दलों से जुड़े नेताओं के यहाँ आयकर और ईडी की छापेमारी आदि मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेर सकता है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital