टाटा ग्रुप से मिला बीजेपी को 356 करोड़ का चंदा, बीजेपी सांसद ने ही उठाये सवाल

नई दिल्ली। इस वर्ष 2018-2019 में भारतीय जनता पार्टी को अब तक टाटा ग्रुप से 356 करोड़ रुपये चंदे के तौर पर मिले हैं। यह खुलासा बीजेपी द्वारा चुनाव आयोग को दी गयी जानकारी से हुआ है।
भाजपा को सबसे बड़ा चंदा टाटा समूह द्वारा नियंत्रित संस्था प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट ने दिया है, यह राशि 356 करोड़ रुपए है। इसके अलावा द प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने भाजपा को 67 करोड़ रुपए का चंदा दिया है।
इस मामले का खुलासा होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के ही सांसद ने पार्टी को कटघरे में खड़ा किया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमणियम स्वामी ने ट्वीट पर इस पर बड़े सवाल खड़े किये हैं।
सुब्रमणियम स्वामी ने ट्वीटर पर कहा कि “टाटा ने भाजपा को भारी राशि चंदे में दी है। अगर सरकार एअर इंडिया की कमान टाटा को सौंपती है तो यहां कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट होगा।”
गौरतलब है कि बीजेपी द्वारा चुनाव आयोग को 31 अक्टूबर को दी गई जानकारी के मुताबिक पार्टी को इस साल चेक और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए कुल 800 करोड़ रुपए से अधिक का चंदा मिला है। जबकि, कांग्रेस को सिर्फ 146 करोड़ रुपए का चंदा मिला है।
चुनाव आयोग को दी गयी जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी को हीरो समूह से 12 करोड़, आईटीसी से 23 करोड़, निरमा से 05 करोड़, प्रगति समूह से 3.25 करोड़, माइक्रो लैब्स से 3 करोड़, बीजी शिरके कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी से 15 करोड़, आदि एंटरप्राइजेज से 10 करोड़, लोधा डेवलपर्स से 4 करोड़, मॉडर्न रोड मेकर्स से 15 करोड़, जेवी होल्डिंग्स से 5 करोड़ और सोम डिस्टिलरीज से 4.25 करोड़ रुपये चंदे के तौर पर मिले हैं।