शत्रुघ्न सिन्हा को राज्य सभा भेजे जाने की तैयारी, ममता करेंगी मदद

शत्रुघ्न सिन्हा को राज्य सभा भेजे जाने की तैयारी, ममता करेंगी मदद

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता और पटना साहिब से पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को राज्य सभा भेजे जाने की तैयारियां चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, शत्रुघ्न सिन्हा को राज्य सभा भेजने के लिए तृणमूल कांग्रेस की नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहल शुरू की है।

दरअसल, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा भी शत्रुघ्न सिन्हा को राज्य सभा भेजे जाने के लिए पैरोकारी कर रहे हैं।

सूत्रों की माने तो अब शत्रुघ्न सिन्हा भी जल्द ही तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस को बंगाल के बाहर अन्य राज्यों में खड़ा करने की कवायद के तहत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जल्द बड़ा फैसला ले सकती हैं।

सूत्रों ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा 21 जुलाई को आयोजित किये जा रहे शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को भी आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होना है और इस कार्यक्रम में शत्रुघ्न सिन्हा के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा 21 जुलाई को तृणमूल कांग्रेस का झंडा थाम सकते हैं। यदि शत्रुघ्न सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल होते हैं तो उनके राज्य सभा जाने का रास्ता भी साफ़ हो जाता है।

गौरतलब है कि अभी हाल ही में शत्रुघ्न सिन्हा ने एक ट्वीट कर इस तरह का संदेश दिया था। हालांकि बाद में उन्होंने अपने ट्वीट को एक मज़ाक बताया था लेकिन माना जा रहा है कि शत्रु पार्टी बदलने का मन बना चुके हैं।

शत्रुघ्न ने बीते रविवार को ट्विट किया था ” दुनिया में चार तरह के दुःखी लोग होते हैं.. 1. अपने दु:खों से दु:खी, 2. दूसरों के दु:ख से दु:खी, 3. दूसरों के सुख से दु:खी, और न्यू वैरिएंट, 4. बिना बात खामखां मोदी से दु:खी!”

TeamDigital