सीएए,एनआरसी के खिलाफ यशवंत सिन्हा की यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे शरद पवार
नई दिल्ली। नागरिकता कानून, एनआरसी और प्रस्तावित एनपीआर के खिलाफ पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा द्वारा मुंबई से दिल्ली तक की जाने वाली गांधी शांति यात्रा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार सहित कई राजनैतिक दलों के नेता शामिल होंगे।
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि 9 जनवरी को मुंबई में शरद पवार यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और इसमें हिस्सा भी लेंगे। शरद पवार की मौजूदगी के चलते बड़ी तादाद में एनसीपी कार्यकर्ता और पदाधिकारिओ के भी इस यात्रा में शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि शरद पवार की पार्टी एनसीपी महाराष्ट्र विकास अगाड़ी (एमवीए) सरकार का एक हिस्सा है, जिसमें शिवसेना और कांग्रेस भी शामिल हैं।
9 जनवरी की सुबह दक्षिण मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से शुरू होने वाली यशवंत सिन्हा की गांधी शान्ति यात्रा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा होती हुई 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के दिन दिल्ली के राज घाट पर समाप्त होगी। यह यात्रा 21 दिनों में करीब तीन हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी।
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने सीएए को देश के ताने बाने के लिए खतरा बताया था। उन्होंने कहा था कि इस यात्रा में अलग अलग राज्यों में देश के प्रभुत्व नागरिक, राजनैतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धजीवी शामिल होंगे। सिन्हा ने कहा कि हमे देश को बांटने की कोशिश में लगी ताकतों को बेनकाब करना होगा तभी इस देश का लोकतंत्र ज़िंदा रहेगा।
माना जा रहा है कि यशवंत सिन्हा की गांधी शांति यात्रा में कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हो सकते हैं। यह कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं क्यों कि यशवंत सिन्हा की प्रेस कांफ्रेंस में भी शत्रुघ्न सिन्हा मौजूद थे।